दीवार गिरने से वृद्धा व बच्ची की मौत
सीतापुर। दीवार गिरने से हरगांव व सकरन में दो लोगों की मौत हो गई। हरगांव थाना क्षेत्र में गुरुवार रात दीवार समेत छप्पर गिरने से एक वृद्धा की दबकर मौत हो गई। वृद्धा छप्पर के नीचे चारपाई पर लेटी थी।
क्योंटीखुर्द निवासी परमेश्वर की पत्नी प्रेमा देवी (68) छप्पर के नीचे चारपाई पर लेटी थी। इसी दौरान तेज हवा व बारिश के चलते छप्पर दीवार समेत प्रेमा पर गिर गया।
चीख सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से छप्पर व मलबा हटाया और प्रेमा को बाहर निकाला। लेकिन तब तक उसकी दबकर मौत हो चुकी थी।
वहीं सकरन के कम्हरिया महरिया निवासी विशंभर की पुत्री काजल (5) बारिश की फुहारों के बीच उछलकूद मचा रही थी। वह खेलते खेलते गांव की एक गली में चली गई।
जब वह गांव के प्रभु के घर के पास से गुजर रही थी, तभी प्रभु के घर की दीवार काजल पर गिर गई और काजल मलबे में दब गई।
गांव के लोगों ने आधा घंटे की कड़ी मशक्कत से मलबा हटाकर बालिका को बाहर निकाला। लेकिन तब तक काजल की भी दबकर मौके पर ही मौत हो चुकी थी।