लखनऊ। भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनल) के पूर्वी परिमंडल में दर्ज प्रदेश के 80 लाख उपभोक्ता अब बिना सेट टॉप बॉक्स के ही मोबाइल पर लाइव टीवी का मजा ले सकेंगे। बीएसएनल ने इसके लिए इंटरनेट टीवी सेवा की शुरुआत की है। उपभोक्ता बिना किसी अतिरिक्त खर्च के मोबाइल पर ही टीवी का मजा ले सकेंगे।
बीएसएनएल के महाप्रबंधक (विक्रय एवं विपणन) मो. जफर इकबाल ने बताया कि इस सेवा के अंतर्गत पूर्वी परिमंडल के 80 लाख उपभोक्ता अपने मोबाइल पर ही 400 से अधिक लाइव टीवी चैनल देख सकते हैं। इसमें चौपाल, बॉलीवुड प्ले, भक्ति, पीटीसी प्ले, शेमारू और अन्य ओटीटी चैनल का भी आनंद लिया जा सकेगा।
इस सेवा के लाभ के लिए उपभोक्ता को एचटीटीपी//एफएमएस.बीएसएनएल.इन/आईपीटीवीआरईजी पर जाना होगा और बीएसएनएल मोबाइल को रजिस्टर कराना होगा। रजिस्ट्रेशन के बाद प्ले स्टोर से ओटीटी प्ले एप डाउनलोड करके अपना रजिस्टर्ड मोबाइल और ओटीपी डालकर सेवा को शुरू किया जा सकता है।
जफर इकबाल ने बताया कि इस सेवा के जरिये बीएसएनएल ने उपभोक्ताओं को मोबाइल कनेक्शन के साथ टेलीविजन की भी सुविधा मुहैया करा रहा है। इससे उपभोक्ता कहीं भी कभी भी पूरे देश में मोबाइल पर ही लाइव टीवी का आनंद ले सकते हैं।