सरकार ने बृहस्पतिवार को आठ आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। छह जिलों में नए डीएम की तैनाती की गई है। रायबरेली के डीएम महेंद्र कुमार को हटाकर वेटिंग में रखा गया है। कृषि उत्पादन आयुक्त शाखा में विशेष सचिव के पद पर तैनात प्रेम नारायण को रायबरेली का नया डीएम बनाया गया है।
शामली के जिलाधिकारी एनपी सिंह को गौतमबुद्धनगर का डीएम बनाया गया है। एनपी सिंह को चुनाव में अच्छा काम करने के लिए हाल ही में निर्वाचन आयोग द्वारा सम्मानित किया गया था। नई दिल्ली में अपर स्थानिक आयुक्त के पद पर तैनात प्रमांशु को बरेली के नए कमिश्नर बनाए गए हैं। लखीमपुर खीरी के डीएम गौरव दयाल को इसी पद पर बरेली स्थानांतरित किया गया है।
कृषि उत्पादन आयुक्त शाखा में विशेष सचिव किंजल सिंह को लखीमपुर खीरी का डीएम बनाया गया है। राजस्व विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात बलकार सिंह को अलीगढ़ तथा चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के विशेष सचिव प्रमोद कुमार को शामली का नया डीएम बनाया गया है।
दो दिन पूर्व ही सरकार ने बरेली और अलीगढ़ के डीएम व कमिश्नर को हटाकर वेटिंग में डाल दिया था। गौतमबुद्धनगर के डीएम चंद्र कांत को अलीगढ़ का नया कमिश्नर नियुक्त गया था।