लखनऊ। परिवहन निगम मुख्यालय की ओर से संविदा महिला परिचालकों की भर्ती के तहत दूसरे चरण में लखनऊ परिक्षेत्र की बसों के लिए 79 महिलाओं का चयन किया गया। उन्हें नियुक्तिपत्र वितरित किए गए।
लखनऊ परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक आरके त्रिपाठी ने शुक्रवार को हजरतगंज स्थित कार्यालय पर महिलाओं को नियुक्तिपत्र सौंपे। उन्होंने बताया कि एमडी मासूम अली सरवर के निर्देश पर 17 से 25 अप्रैल तक क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय में महिला संविदा परिचालक भर्ती के लिए रोजगार मेला आयोजित किया गया था। इसमें 460 महिलाओं ने आवेदन किया था, जिसमें 125 महिला अभ्यर्थी अर्ह पाई गई थीं। पहले चरण में कुल रिक्तियों के सापेक्ष 46 महिला अभ्यर्थियों का चयन किया गया था। दूसरे चरण में 79 महिलाओं को डिपो आवंटित किया गया है। क्षेत्रीय प्रबंधक ने वरिष्ठ लेखाकार आशीष कुमार की उपस्थिति में इन्हें नियुक्तिपत्र सौंपा।