लखनऊ। हुसैनगंज के कुर्मीटोला निवासी 70 वर्षीय मधु सिंह ने रिश्ते में देवर पर 75.59 लाख रुपये की धोखाधड़ी की एफआईआर चिनहट थाने में दर्ज कराई है। आरोपी पर व्यापार में साझेदारी के नाम पर धोखाधड़ी करने का आरोप है।
मधु के मुताबिक वर्ष 2019 में रिश्ते में देवर शुभम ने चिनहट के मटियारी में मदन डेयरी की डिस्ट्रीब्यूटरशिप ली थी। उसने उन्हें व्यापार में निवेश कर साझेदार बनने का झांसा दिया था। आरोपी ने लाभ का 50 प्रतिशत हिस्सा देने की बात कही थी। उन्होंने 2019 से 2025 तक आरोपी को 75.59 लाख रुपये निवेश के लिए दिए थे। मगर आरोपी ने लाभ की हिस्सेदारी नहीं दी। मधु का आरोप है कि जब भी वह आरोपी से हिस्सेदारी के बारे में पूछतीं तो वह टालमटोल करता रहता। विरोध पर उसने आश्वासन देन शुरू कर दिया। थक हार कर पीड़िता ने चिनहट थाने में आरोपी की शिकायत की। इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्र के मुताबिक मामले की तफ्तीश की जा रही है। पीड़िता से दस्तावेज मांगे गए हैं। विवेचना में जो भी साक्ष्य सामने आएंगे उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी।