राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए सरकार हरकत में आ गई है। मुख्य सचिव डॉ. अनूप चंद्र पांडेय ने मेरठ व सहारनपुर के मंडलायुक्त तथा एनसीआर के जिलों के डीएम को वायु प्रदूषण रोकने के लिए पर्यावरण प्रदूषण (निवारण एवं नियंत्रण), प्राधिकरण (ईपीसीए) के अनुसार कार्रवाई करने को कहा है।
गौरतलब है कि ईपीसीए के अध्यक्ष ने शासन को एनसीआर क्षेत्र में वायु प्रदूषण रोकने के निर्देश के साथ ही सुगम यातायात की अपेक्षा की है ताकि ट्रैफिक जाम न लगे। इसी क्रम में मुख्य सचिव ने मेरठ व सहारनपुर के मंडलायुक्त के साथ-साथ गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्धनगर, मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर तथा शामली के डीएम को ईपीसीए के निर्देशों का पालन करने का कहा है। ईपीसीए की ओर सेे शासन को भेजे पत्र में अपेक्षा की थी कि अनावश्यक भारी वाहन ईस्टर्न और वेस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस से होकर गुजरें। इसके अलावा, ईपीसीए ने संबंधित एजेंसियों को अवैध उद्योगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए थे। ईपीसीए ने संबंधित एजेंसियों से कूड़ा जलाने पर रोक लगाने की अपेक्षा भी की थी। ईपीसीए ने सभी एजेंसियों को धरातल पर कार्रवाई करने को कहा है कि ताकि वायु प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण लग सके।
मुख्य सचिव ने मंडलायुक्तों व जिलाधिकारियों से ईपीसीए के पत्र में दिए गए निर्देशों के क्रम में अपने-अपने क्षेत्रों में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने इस संबंध में नियमित सूचना सदस्य सचिव उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को भेजने के निर्देश दिए हैं।