सुल्तानपुर। सीबीएसई बोर्ड हाईस्कूल के मंगलवार को घोषित रिजल्ट में जिले की एकता वर्मा, तान्या सिंह एवं सुधांशु सिंह ने टॉप किया है। तीनों ने 97.80 प्रतिशत अंक प्राप्त किया है। जिले का परिणाम प्रतिशत 93.91 फीसदी रहा।
जिले में सीबीएसई बोर्ड से संबद्ध लगभग 16 स्कूल हैं, जहां हाईस्कूल की कक्षाएं संचालित कराई जा रही हैं। जिले के विद्यालयों में पंजीकृत 2005 स्टूडेंट्स के सापेक्ष 1883 ने हाईस्कूल की परीक्षा उत्तीर्ण की है। वहीं 115 परीक्षार्थियों का कंपार्टमेंट आया है। सात परीक्षार्थी हाईस्कूल की परीक्षा में फेल हुए हैं।
इस हिसाब से परिणाम प्रतिशत 93.91 फीसदी रहा है। मंगलवार को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद के घोषित हाईस्कूल के परीक्षा परिणाम में जिले के तीन स्टूडेंट्स ने समान अंक हासिल कर टॉप किया है। इसमें केएनआईसीई के सुधांशु सिंह, स्टेला मॉरिस कान्वेंट स्कूल की तान्या सिंह व महर्षि विद्या मंदिर की छात्रा एकता वर्मा शामिल हैं।
तीनों को 500 में 489 अंक हासिल हुए हैं। सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शास्त्री नगर के छात्र आनंद प्रताप सिंह को 96.20 प्रतिशत अंक मिले हैं। स्टेला मॉरिस कान्वेंट स्कूल के छात्र आबिद खान को 95.8 प्रतिशत अंक मिला है। वहीं सेंट जेवियर्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र कमल किशन तिवारी को भी 95.8 प्रतिशत अंक हासिल हुए हैं।
यहीं के सचिन बरनवाल को 94.6 प्रतिशत समर सिंह राना एवं सौभाग्य प्रताप सिंह को 94 प्रतिशत अंक मिला है। केंद्रीय विद्यालय के छात्र अनुभव पांडेय को 93.6 व शिखा वर्मा को 93.2 प्रतिशत अंक हासिल हुए। सुनिधि सिंह, पल्लव शुक्ला भी 93 प्रतिशत अंक हासिल करने में सफल रहे हैं।