अंबेडकरनगर। निजी लाइनमैन की मौत के बाद चनहा चौराहे के पास तोड़फोड़, आगजनी व पथराव मामले में पुलिस ने छापेमारी कर कुल 28 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इससे पहले पुलिस ने इस मामले में 35 नामजद व 400 अज्ञात लोगों के विरुद्ध विभिन्न गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया था। दो घरों में आगजनी व तोड़फोड़ को लेकर भी पीड़ितों की तरफ से केस दर्ज किया गया है। उधर, निजी लाइनमैन की मौत मामले में पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर छानबीन आगे बढ़ाई है। इस बीच उपद्रव के दूसरे दिन चनहा चौराहा क्षेत्र में माहौल पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा।
कोतवाली अकबरपुर अन्तर्गत सोनगांव निवासी निजी लाइनमैन दिलीप कुमार (26) की बीते दिन करंट लगने से मौत होने का मामला सामने आया था। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव मिला तो परिवारीजनों व ग्रामीणों ने चनहा चौराहे के निकट देर सायं शव रखकर जमकर उपद्रव किया था। पुलिस पर पथराव के साथ ही दो घरों व कई दुकानों में तोड़फोड़ कर उसे आग के हवाले कर दिया गया था। यह प्रकरण दो अलग-अलग वर्ग से जुड़ा था। हरकत में आई पुलिस ने मामले में देर रात 35 लोगों के विरुद्ध नामजद व 300 अज्ञात के विरुद्ध तोड़फोड़, आगजनी व पथराव की धाराओं में केस दर्ज कर लिया। देर रात ही ताबड़तोड़ ढंग की गई छापेमारी में पुलिस ने नामजद लोगाें में से 28 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। कई अन्य लोगों को हिरासत में लेकर उनकी भूमिका की छानबीन चल रही है।
पुलिस ने लाइनमैन की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों द्वारा लियाकत व सद्दाम के घर में तोड़फोड़ व आगजनी के मामले में भी ग्रामीणों पर संबंधित धाराओं में पीड़ितों की तरफ से केस दर्ज किया है। इससे पहले लाइनमैन की मौत मामले में मामा कुंजाली की तरफ से लियाकत समेत तीन लोगों के विरुद्ध हत्या की धारा में केस दर्ज हुआ है। अकबरपुर कोतवाल बृजेश मिश्र ने बताया कि 28 लोगों को जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
देर रात तक चला तलाशी अभियान
चनहा चौराहे पर सोमवार शाम हुए उपद्रव के बाद डीएम अखिलेश सिंह व एसपी सुधीर सिंह की मौजूदगी में देर रात तक सोनगांव व आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चला। पुलिस ने इस दौरान एक लैपटॉप भी जांच के लिए कब्जे में ले लिया। उपद्रव में शामिल लोगों की देर रात तक गिरफ्तारी होती रही। अधिकारियों ने तलाशी अभियान के बाद आसपास के लोगों के बीच सुरक्षा व शांति व्यवस्था का अहसास कराने के लिए रात में रूट मार्च भी कराया। एसपी ने इस बीच कहा है कि घटना में लिप्त लोगों को कतई बख्शा नहीं जाएगा।