लखनऊ। संविदा बस चालक के 250 पदों पर चयन के लिए अवध बस अड्डे पर आयोजित रोजगार मेले में बुधवार को अंतिम दिन था। आखिरी दिन 20 अभ्यर्थियों का चयन हुआ। तीन दिवसीय मेले में कुल 75 आवेदक आए, जिनमें से 68 ने पहला टेस्ट पास कर लिया है। अब कानपुर में इनका बस चलाने का टेस्ट होगा। इसमें सफल होने पर इन्हें रोडवेज बसों की स्टीयरिंग थमाई जाएगी।
संविदा बस चालकों को तमाम सुविधाएं मिलेंगी। इन्हें प्रतिवर्ष निशुल्क पारिवारिक यात्रा के लिए पास मिलते हैं। दो वर्ष की सेवा पूरी करने के बाद फिक्स वेतन 17 से 20 हजार रुपये तक मिलेगा। एक करोड़ रुपये के बीमे की भी सुविधा है। बावजूद इसके पद के लिए कम रुझान दिखा। आवेदकों का कहना था कि बस चालकों, कंडक्टरों का वेतन तय हो। साथ ही मानदेय व भत्ते बढ़ाए जाएं। बताया कि प्राइवेट बस के ड्राइवरों को महीने में 25 से 30 हजार रुपये मिल जाते हैं।
पहली को महिला परिचालकों की होगी भर्ती
रोडवेज में संविदा पर महिला परिचालकों की भर्ती के लिए पहली अप्रैल को हजरतगंज के सप्रू मार्ग स्थित क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय पर रोजगार मेला लगेगा। क्षेत्रीय प्रबंधक अमरनाथ सहाय ने बताया कि मेला सुबह दस से शाम पांच बजे तक चलेगा। अभ्यर्थियों के लिए इंटर पास होने के साथ-साथ केंद्र व राज्य सरकार से मान्यता प्राप्त संस्थाओं से कम्प्यूटर का ट्रिपल सी प्रमाणपत्र अनिवार्य है। आयुसीमा 18 से 40 वर्ष है। इन्हें 2.16 पैसे प्रति किमी दिए जाएंगे। प्रतिमाह 22 दिन ड्यूटी व पांच हजार किमी बस संचालन पर तीन हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भी मिलेगी।