नाले में मिला रिटायर्ड कर्मचारी का शव, हत्या की आशंका
रायबरेली। मिल एरिया थाना क्षेत्र के बालापुर मोहल्ले में गुरुवार को नाले में एक रिटायर्ड आईटीआई कर्मचारी का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
शव कई दिन पुराना लग रहा था। शरीर फूल गया था। इलाकाई लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर मामले में कार्रवाई करने की बात कह रही है।
आईटीआई बाजार के पास रिटायर्ड आईटीआई कर्मचारी हरिश्चंद्र चंद्रा (65) परिवार समेत रहते थे। गुरुवार सुबह घर से कुछ दूरी पर हरिश्चंद्र का शव मिलने से हड़कंप मच गया।
एसओ अतुल सिंह ने पहुंचकर शव को बाहर निकाला। एसओ अतुल सिंह ने बताया कि हरिश्चंद्र 26 जून को किसी काम से लखनऊ गए थे।
इसके बाद घर नहीं पहुंचे थे। खोजबीन की गई तो उसका शव नाले में मिला। पिता की मौत से बेटा रजनीश चंद्रा समेत अन्य परिवारीजनों में कोहराम मच गया।
एसओ का कहना है कि घटना की कोई वजह सामने नहीं आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत की सही वजह सामने आएगी। घटना की पड़ताल कराई जा रही है।