गोंडा। जिले में बुधवार देर शाम आई आंधी के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। नवाबगंज के अंबरपुर गांव में पेड़ की डाल गिरने से चचेरी दो बहनों की मौत के अलावा गुरुवार को नवाबगंज, खरगूपुर व कटरा बाजार में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक महिला व एक बालिका गंभीर रूप से से घायल हो गई। आंधी की विकरालता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कई लोगों के छप्पर व टिन शेड उड़कर दूर जा गिरे। सैकड़ों पेड़ उखड़कर धराशायी हो गए। घरों की रेलिंग व स्कूल की बाउंड्रीवाल ढह गई। वहीं, एक मस्जिद की मीनार गिरने से एक बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
धूल भरी आंधी ने बुधवार देर शाम जिले भर में व्यापक तबाही मचाई। बुधवार की रात आई आंधी-पानी के चलते नवाबगंज के सेमरा शेखपुर गांव के मजरे बिगनिया में पेड़ की डाल गिरने से गांव के रहने वाले चंद्रिका पांडेय (55) की जान चली गई। कटरा बाजार के पूरे बहोरी गांव के मजरे भवानीगंज में आंधी के कारण एक पुराना गूलर का पेड़ गिर गया। जिसके नीचे दबकर राम अवतार के बेटे राकेश उर्फ बंटी ((9))की मौत हो गई। खरगूपुर थाना क्षेत्र के खानापुर गांव के रहने वाले ननके तिवारी की बेटी प्रीति (17) आंधी के दौरान आम बीनने के लिए बाग में गई थी। वहां पेड़ की डाल प्रीति के ऊपर गिर गई और उसकी दबकर मौत हो गई। खरगूपुर थाना क्षेत्र के ही चौराहा भारी गांव में बिजली का पोल टूट कर गिर गया। इस विद्युत पोल की चपेट में आकर गांव के बाबादीन कहार (60) गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में बाबादीन की मौत हो गई। इसके पहले बुधवार की रात में नवाबगंज थाना क्षेत्र के इंदरपुर गांव के मजरा अंबरपुर की रहने वाली दो चचेरी बहनों श्वेता (13) व कोमल (14) की मौत हो गई थी। गुरुवार को मरने वाली वालों की संख्या बढ़कर छह पहुंच गई। इसके अलावा खरगूपुर थाना क्षेत्र के भंगहा गांव के मजरा रमगढिय़ा गांव के रहने वाले मंगल की सात वर्षीया बेटी ललिता सोनकर गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे कस्बे के एक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया है। कौड़िया थाना क्षेत्र के पिपरी निवासी रामकेवल की पत्नी आरती (40) पेड़ की डाल गिरने से उसके चपेट में आकर घायल हो गई। वहीं कोतवाली नगर क्षेत्र के जयनगरा गांव में पीपल का एक पुराना पेड़ आंधी के कारण बगल के काली मंदिर पर गिर गया। जिससे मंदिर क्षतिग्रस्त हो गया। आर्यनगर में मस्जिद की मीनार गिरने से उसके नीचे खड़ी एक बाइक छतिग्रस्त हो गई। इस दौरान मस्जिद में नमाज पढ़ रहे लोग बाल-बाल बच गए। श्रावस्ती निवासी मो. खालिक ने बताया कि वह नमाज पढ़ने के लिए मस्जिद में रुकके थे। बाइक मस्जिद के बाहर खड़ी थी जो मीनार गिरने से क्षतिग्रस्त हो गई। आंधी की विकरालता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि तमाम लोगों के छप्पर व टिन शेड से बनाए गए आशियाने उड़कर दूर जा गिरे। सैकड़ों पेड़ धराशायी हो गए। धानेपुर थाना क्षेत्र के ख्वाजाजोत गांव के मजरे सेवकपुरवा में एक पुराना बरगद का पेड़ गिरने से एक मकान की दीवार ढह गई। रुपईडीह के पूर्व माध्यमिक विद्यालय मुंडेरवा माफी की बाउंड्रीवाल ढह गई। कटरा बाजार के शाहजोत गांव के मजरे चाईपुरवा के रहने वाले रामबचन की 15 बीघा केले की फसल आंधी के कारण तहस-नहस हो गई।