बहराइच। अचानक बिगड़े मौसम के बीच शुक्रवार को तीन स्थानों पर बादलों की गड़गड़ाहट के बीच आकाशीय बिजली गिरी। चपेट में आकर चाची-भतीजी समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि छह लोग झुलसकर घायल हुए हैं।
बिजली गिरने की घटनाएं खैरीघाट, मिहींपुरवाऔर हुजूरपुर क्षेत्रों में हुईं। सभी मृतकों के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जबकि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तराई में शुक्रवार सुबह शुरू हुई वर्षा के दौरान बादलों की गड़गड़ाहट के बीच खैरीघाट थाना क्षेत्र के बेला मकन गांव में राजेश के घर के बरामदे के ऊपर बिजली गिरी। उस समय राजेश की 32 वर्षीय पत्नी रीना अपनी तीन वर्षीय भतीजी शिवानी पुत्री रमेश के साथ बरामदे में बैठी थीं।
कुछ दूरी पर रीना का भतीजा दामोदर भी था। अचानक गिरी बिजली की चपेट में आकर रीना और भतीजी शिवानी ने मौके पर दम तोड़ दिया। दामोदर को भी झटके लगे, लेकिन वह बच गया। चीख-पुकार मच गई।
गांव के लोग एकत्रित हुए। सूचना पाकर एसडीएम सिद्धार्थ यादव, सीओ वीपी सिंह ने टीम के साथ पहुंचकर मुआयना करके रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजा है। दम तोड़ने वाली रीना और उसकी भतीजी शिवानी के शव का पंचनामा कर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
हुजूरपुर थाना अंतर्गत सेठापुर शामतापुरवा गांव निवासी रीता (7) पुत्री गोपाल अपनी छोटी बहन संगीता (5) के साथ घर से कुछ दूरी पर स्थित बाग में आम बीनने गई थी। इसी समय गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आकर रीता की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि संगीता झुलसकर घायल हो गई। संगीता को सीएचसी हुजूरपुर में भर्ती कराया गया है। रीता के शव का पंचनामा कर अंतिम संस्कार कर दिया गया है। खैरीघाट थाना क्षेत्र के रायगंज अंबरपुरवा में गिरी बिजली की चपेट में आकर फौजदार पुत्र नोखे झुलसकर घायल हुआ है। उसे सीएचसी शिवपुर में भर्ती कराया गया है।
मिहींपुरवा विकास खंड के परवानीगौढ़ी में रामप्रसाद के मकान पर बिजली गिरने से मकान की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं। चपेट में आकर 60 वर्षीय मालती, 40 वर्षीय शिवाला व 12 वर्षीय ऋतु समेत चार लोग झुलकर घायल हुए हैं। इन सभी को निजी चिकित्सक के यहां पहुंचाया गया।