बाराबंकी। हमारी लड़ाई फरेब की राजनीति करने वाले और झूठे सपने बेचने वालों से है। भाजपा के चार सालों के कार्यकाल ने कांग्रेस पार्टी ने अच्छे दिनों की शुरूआत कर दी है। अब हमारी लड़ाई बूथ स्तर से मतदाता सूची से शुरू करनी होगी। छूटे नाम बढ़वाने होंगे और फर्जी नाम कटवाने की जिम्मेदारी न्याय पंचायत और बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता को निभानी होगी। यदि हमने ऐसा कर लिया तो 2019 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी की अगुवाई में पार्टी केंद्र में सरकार बनाएगी।
यह बातें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी ने रविवार को शहर के एक गेस्ट हाऊस में न्याय पंचायत प्रभारियों, ब्लाक अध्यक्षों फ्रंटल संगठनों के अध्यक्षों के मंथन शिविर में कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी अध्यक्ष अमरनाथ मिश्रा ने की। इस मौके पर विशिष्ठ अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. पीएल पुनिया भी मौजूद थे। तिवारी ने कहा कि कांग्रेस ने डॉ. पुनिया की अगुवाई में पार्टी की पुरानी परंपरा बूथ स्तर के कार्यकर्ता का सम्मान करके जो कायम रखी है उसके लिये आप बधाई के पात्र हैं। सांसद डॉ. पुनिया ने कहा कि अब कांग्रेस का गौरव वापस आ रहा है। कर्नाटक की जीत ने हमें विश्वास की वह ताकत दी है। इस मौके पर अनुसूचित जाति जनजाति के आयोग के प्रदेश महासचिव तनुज पुनिया, एपी गौतम, राजलक्ष्मी वर्मा, छोटे लाल चौरसिया, सरजू शर्मा, केसी श्रीवास्तव, शबनम, कमल भल्ला, रमाकांत, सूर्य प्रकाश सिंह, कपिल देव वर्मा आदि मौजूद रहे।