बहराइच। पुरैना बाजार के एक सराफा व्यवसाई को शुक्रवार देर रात में घर लौटते समय बाइक सवार बदमाशों ने चाकू मारकर लूट लिया। इसके बाद बदमाश चाकू लहराते हुए फरार हो गए। पुलिस मौके पर पहुंची है।
विशेश्वरगंज थाना अंतर्गत विशेश्वरगंज बस अड्डा बाजार निवासी अमित सोनी उर्फ बब्लू सोनी पुत्र रामरंग सोनी सराफा का कारोबार करते हैं। उनकी दुकान गोंडा-बहराइच मार्ग पर पुरैना बाजार में स्थित है।
अमित शुक्रवार रात 8.30 बजे दुकान बंद कर पुरैना बाजार से घर के लिए रवाना हुए। बाइक सवार अमित जब जलालपुर मोड़ के निकट पहुंचे तभी पीछे से आए बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने ओवरटेक करते हुए अमित के बाएं हाथ पर चाकू से वार कर दिया।
इससे वह बाइक समेत गिर गए। इस पर बदमाश नगदी और जेवरात भरा बैग लूटकर चाकू लहराते हुए फरार हो गए। अमित के शोर मचाने पर लोग दौड़े। लेकिन तब तक बदमाश जा चुके थे।
पीड़ित व्यवसाई के मुताबिक बैग में 22 हजार रुपये नगदी, सवा दो लाख मूल्य के जेवरात और अन्य कागजात थे। प्रभारी निरीक्षक विनोद अग्रिहोत्री ने बताया कि जख्मी व्यवसाई को सीएचसी भेजा गया है। क्षेत्र की नाकाबंदी कर तलाशी शुरू की गई है।