सड़क हादसों में महिला समेत दो मौत
गोंडा। सड़क हादसों में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
तरबगंज क्षेत्र के चिर्रे बंधा आजाद नगर निवासी खुशी राम यादव की पत्नी श्यामा देवी (60) शनिवार सुबह अपने बेटे के साथ बाइक से अयोध्या स्थित हनुमान गढ़ी मंदिर में दर्शन के लिए गई थीं।
वहां से लौटते समय सरयू पुल के पास बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे श्यामा देवी पीछे आ रहे ट्रक से कुचल गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
दूसरी घटना में बिहार से सामान लादकर हरियाणा जा रहे ट्रक का टायर बस्ती-फैजाबाद फोरलेन सड़क पर लोलपुर गांव के पास शुक्रवार रात पंचर हो गया।
ट्रक का क्लीनर शहनाज (45) पुत्र शेर आलम निवासी ग्राम सोमदत्त थाना मुडाली जनपद मेरठ टायर बदल रहा था। तभी बगल से गुजरे दूसरे ट्रक की चपेट में आने से शहनाज गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे फैजाबाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से ट्रॉमा सेंटर रेफर होने पर लखनऊ ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। कोतवाल सदानंद सिंह ने बताया कि, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि, ट्रक ड्राइवर अनस की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।