बहराइच। ताजपुर के सर्रापुरवा गांव में मंगलवार रात एक ग्रामीण के यहां मांगलिक कार्यक्रम के मौके भोजपुरी गीत पर डांस को लेकर बवाल हो गया। अराजक तत्वों ने मंच पर चढ़ नर्तकी के संग नृत्य शुरू कर दिया। इससे हंगामा हो गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने लाठियां भांजीं। तब लोग भागे। आठ लोग चोटहिल हुए। हालांकि बाद में सुलह-समझौता के द्वारा मामला शांत हुआ।
रानीपुर थाना अंतर्गत सर्रापुरवा के एक गांव निवासी के पौत्र के जन्म संस्कार के अवसर पर मंगलवार रात परिवार की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था। भोज के बाद नवाबगंज से आई 20 सदस्यीय टीम ने सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू किया। छह नर्तकियां नृत्य कर रही थीं। इसी दौरान पंडाल में मौजूद आधा दर्जन युवक नृत्य के गीत को लेकर भड़क उठे। बाजा बाजी की न बाजी गीत बजाने की डिमांड करने लगे। हंगामा करते हुए युवक मंच पर चढ़ गए। लोगों ने विरोध किया तो उनको धमकियां दी। जिससे बवाल की स्थिति बन गई। परेशान परिवार के सदस्यों ने तत्काल थाने पर सूचना दी। थानाध्यक्ष आरके शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर पहले लोगों को समझाने-बुझाने की कोशिश की। लेकिन न मानने पर लाठियां भांजीं। तब भगदड़ मची। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आठ लोग चोटहिल हुए। हालांकि केस दर्ज नहीं हुआ है। थानाध्यक्ष का कहना है कि मंच पर चढ़कर हंगामा कर रहे लोग शराब के नशे में धुत थे। होश में आने के बाद सुलह समझौता कर सभी को छोड़ दिया गया है। एसओ ने बल प्रयोग से इन्कार किया।