नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर ट्रकों की भिड़ंत में दो घंटे ठप रहा आवागमन
बहराइच/उर्रा/फखरपुर। तराई में घना कोहरा जानलेवा बनने लगा है। मंगलवार को घने कोहरे के चलते अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की जान चली गई। वहीं एक युवक घायल हुआ है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर ट्रकों की हुई आमने-सामने भिड़ंत के चलते दो घंटे मार्ग पर आवागमन भी ठप रहा।
नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर मुरादाबाद की ओर मक्का लादकर बहराइच आ रहा ट्रक मोतीपुर थाना क्षेत्र में गिरगिट्टी गांव के निकट सामने से भूसी लादकर आ रहे ट्रक से घने कोहरे के चलते टकरा गया। दुर्घटना इतनी भीषण हुई कि दोनों ट्रकों के आगे के हिस्से के परखच्चे उड़ गए।
मुरादाबाद के ट्रक का मुकाबिर (35) निवासी गाजीपुर कुंदरकी ट्रक में ही फंस गया। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े। इस पर खलासी जुबेेर को किसी तरह निकाल लिया गया। चालक मुकाबिर फंसा रह गया। गैस कटर द्वारा ट्रक के अगले हिस्से को काटकर काफी देर बाद चालक को निकाला जा सका।
मौके पर मौजूद चौकी इंचार्ज उमाकांत मिश्रा ने दोनों को लहूलुहान हालत में जिला अस्पताल भेजा। यहां पर मुकाबिर की मौत हो गई। जबकि खलासी जुबेर की हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे के चलते मार्ग पर दो घंटे तक जाम की स्थिति रही। आवागमन ठप रहा। पुलिस ने किसी तरह क्रेन से दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों को हटवाया। तब दोपहर में आवागमन बहाल हो सका।
उधर फखरपुर थाना अंतर्गत महमूदपुर दुजईपुरवा निवासी कुंवर बहादुर उर्फ ननकुन्ने (65) मंगलवार सुबह खेत की निगरानी करने के लिए घर से निकले थे। जब वह गांव के सामने लखनऊ-बहराइच मार्ग पार कर रहे थे। तभी लखनऊ की ओर से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस कुंवर बहादुर को रौंदते हुए निकल गई। मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
बौंडी थाना अंतर्गत मैला सरैंया गांव निवासी भुवन पांडेय (22) पुत्र सुभाष पांडेय सुबह घरेलू कार्य से घर से निकले थे। गांव के निकट ही उन्हें तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मारा। परिवारीजनों ने लहूलुहान हालत में अस्पताल पहुंचाया। जहां भुवन ने दम तोड़ दिया।