लखनऊ। साइबर जालसाज ने पुलिसकर्मी बनकर कृष्णानगर के कृष्णापल्ली निवासी हरिवंश लाल को एक घंटे डिजिटल अरेस्ट रखकर 60 हजार रुपये वसूल लिए। पीड़ित ने ठग के खिलाफ एफआईआर कराई है।
हरिवंश लाल के मुताबिक 22 सितंबर को उन्हें व्हाट्सएप पर ऑडियो कॉल करने वाले ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए उन्हें एक मामले में गिरफ्तारी का डर दिखाया। जालसाज ने पूछताछ में सहयोग करने पर उन्हें बचाने की बात कही। डरे हरिवंश ने उसकी बात मान ली। इसके बाद शातिर ने पूछताछ के बहाने उन्हें एक घंटे डिजिटल अरेस्ट रखकर 60 हजार रुपये वसूल लिए। इंस्पेक्टर पीके सिंह के मुताबिक तफ्तीश जारी है। (संवाद)