लखनऊ। राजधानी के वेलनेस सेंटरों में संविदा पर तैनाती के लिए वॉक इन इंटरव्यू से चयनित सभी 62 डॉक्टरों को सीएमओ ऑफिस में मंगलवार को बुलाया गया। इनमें से दो को छोड़कर पहुंचे बाकी 60 डॉक्टर सेवा देने के लिए राजी हो गए। दो दिन में इन्हें केंद्रों पर तैनाती देना शुरू कर दिया जाएगा।
सरकारी अस्पतालों, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर और पीएचसी पर संविदा डॉक्टरों के 62 पद खाली हैं। इससे मरीजों को मिलने वाला इलाज प्रभावित हो रहा है। इन पदों को भरने के लिए अप्रैल में सीएमओ ऑफिस में वॉक इन इंटरव्यू हुए, जिसमें 200 से अधिक डॉक्टर शामिल हुए।
एक माह बाद जारी इनके परिणाम में 62 डॉक्टरों का चयन हुआ। मंगलवार को इन सभी को सीएमओ कार्यालय बुलाकर तैनाती स्थल के बारे में पूछा गया। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह का कहना है कि दो दिन में सभी डॉक्टरों को तैनाती मिल जाएगी।