लखनऊ। केजीएमयू में पल्मोनरी और क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग के प्रमुख प्रो. वेद प्रकाश के मुताबिक, ताजा अध्ययन में पता चला है कि आईसीयू के 56 फीसदी मरीज सेप्सिस से पीड़ित हैं। प्रो. वेद प्रकाश शनिवार को विभाग में हुई प्रेसवार्ता में बोल रहे थे।
प्रो. वेद प्रकाश ने बताया कि सेप्सिस की जल्द पहचान और सही इलाज मृत्यु दर कम करने के लिए जरूरी है। आईसीयू में भर्ती मरीजों की माैत में सेप्सिस एक बड़ी वजह है। इससे हर तीन सेकंड में एक व्यक्ति की मृत्यु होती है। देश में सेप्सिस से मृत्यु दर एक लाख लोगों पर लगभग 213 है, जो वैश्विक औसत से काफी अधिक है। विश्व सेप्सिस डे ग्लोबल सेप्सिस अलायंस की एक पहल है, जो 2012 में शुरू की गई थी। विश्व सेप्सिस डे हर साल 13 सितंबर को मनाया जाता है। इस माैके पर प्रो. राजेंद्र प्रसाद, प्रो. राजेश यादव, प्रो. आरएएस कुशवाहा, डाॅ. अंकुर बजाज और डाॅ. विशाल पुनिया माैजूद रहे।