लखनऊ। केजीएमयू के लारी कार्डियोलॉजी विभाग में दिल के मरीजों की इलाज की राह आसान होगी। जल्द ही नए कार्डियोलॉजी ब्लॉक में 56 बेड बढ़ाए जाएंगे। इससे मरीजों को राहत मिलेगी।
लारी के परिसर में करीब 37 करोड़ रुपये की लागत से नया भवन तैयार किया गया है। इसकी तीन मंजिलों का इस्तेमाल ओपीडी और अन्य सेवाओं के लिए किया जा रहा है। कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. ऋषि सेठी ने बताया कि नई सेवाओं के लिए नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य कर्मचारियों की संविदा पर भर्ती के लिए साक्षात्कार चल रहे हैं। स्थायी कर्मचारियों की नियुक्ति बाद में की जाएगी।
नए भवन में बेड बढ़ाए जाने के बाद यहां बेडों की कुल क्षमता 130 हो जाएगी। इनमें से 32 जनरल बेड अगले दो सप्ताह में शुरू होने की उम्मीद है। 24 प्राइवेट बेड बाद में पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर शुरू किए जाएंगे। बेड बढ़ने से खासकर गंभीर मरीजों को राहत मिलेगी।
नए भवन में मिलेंगी कई सुविधाएं
नए भवन में कैथ लैब, मॉनिटरिंग नर्सिंग स्टेशन, इको कार्डियोग्राफी मशीन, अस्थायी पेसमेकर, मल्टी चैनल ईसीजी और ट्रेडमिल टेस्ट (टीएमटी) जैसी सुविधाएं मिलेंगी। इससे मरीजों की जांच और इलाज की व्यवस्था एक ही परिसर में और मजबूत होगी। अधिकारियों के मुताबिक भवन का निर्माण वर्ष 2021 में पूरा होना था, लेकिन फायर विभाग से एनओसी लेने के दौरान फायर एग्जिट रैंप की जरूरत सामने आने से परियोजना में देरी हुई। रैंप तैयार होने के बाद एनओसी मिल गई है।