लखनऊ। दिवाली व छठ पूजा पर लखनऊ आने-जाने में सुविधा के लिए उत्तर रेलवे स्पेशल ट्रेनें चलवाएगा। चारबाग स्टेशन होकर गुजरने वाली 54 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें कुल 1704 फेरे लगाएंगी। नौ से 13 नवंबर तक मांग बढ़ने पर 10 अतिरिक्त ट्रेन भी चलाई जाएंगी।
विज्ञापन
हजरतगंज स्थित डीआरएम कार्यालय में बृहस्पतिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में डीआरएम सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि स्टेशनों पर भीड़ से बचाने के लिए चारबाग स्टेशन पर पीआरएस भवन में होल्डिंग एरिया बनाया गया है। प्लेटफॉर्मों पर 26 अस्थायी शेल्टर लगाए गए हैं। लखनऊ, वाराणसी और अयोध्या धाम स्टेशन पर कुल 386 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी। चारबाग स्टेशन पर प्रत्येक शिफ्ट में 45-45 जवानों की ड्यूटी लगेगी। चारबाग स्टेशन पर सात अतिरिक्त ट्रेनें तैयार हैं। आठ नियमित ट्रेनों में एक-एक अतिरिक्त स्लीपर कोच भी लगाया जा रहा है। मांग के अनुसार 10 स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना है। सीनियर डीसीएम समर्थ गुप्ता उपस्थित रहे।