बलरामपुर। तुलसीपुर एसडीएम दफ्तर के सामने शुक्रवार को साथी गांव के ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कोटेदार पर कार्डधारकों को राशन न देने का आरोप लगाया। एसडीएम ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया।
तुलसीपुर तहसील के साथी गांव के ग्रामीण महबूब, ग्राम प्रधान अयूब खां, मोहम्मद रफीक खां, राजेश पासवान, केवलपती, जुबेदा, नूरजहां, जमील अहमद, महरुन्निशा, राम छबीले जायसवाल, भुलई पासवान व संगीता आदि ने शुक्रवार को एसडीएम के दफ्तर के सामने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि गांव का कोटा पहले ठकुरापुर थरौली से संबद्ध था। बिना किसी शिकायत या कारण के ठकुरापुर थरौली के बजाए गैसड़ी से संबद्ध कर दिया गया। गैसड़ी का कोटेदार कार्डधारकों के साथ अभद्रता कर रहा है। राशन बांटने के बजाए कालाबाजारी किया जा रहा है। इन लोगों ने एसडीएम से मांग की कि गैसड़ी बाजार से हटाकर ठकुरापुर थरौली में कोटा संबद्ध किया जाए। इन लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही कार्रवाई नहीं की गई तो गांव के लोग उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। एसडीएम एसके त्रिपाठी ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और मामले की जांच कराकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।