श्रावस्ती। नेपाल के एक गांव से बहराइच दरगाह आ रही जायरीन से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली मुलीमपुर गांव के पास अनियंत्रित हो कर पलट गई। इसमें एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 24 अन्य जायरीन घायल हो गए।
नेपाल के बालापुर से शुक्रवार सुबह लगभग 35 जायरीन ट्रैक्टर ट्रॉली में बैठकर बहराइच दरगाह शरीफ के लिए रवाना हुए थे। ट्रैक्टर ट्रॉली भिनगा कोतवाली क्षेत्र के मुलीमपुर गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई।
वहां मौजूद लोगों ने ट्रॉली के नीचे से किसी तरह जायरी को बाहर निकाला। इस दौरान ट्रॉली के नीचे दबने से राबिया उर्फ मूना (48) पत्नी निसार की मौत हो गई।
मौके पर पहुंची एंबूलेंसों से घायल बिटाना (30), हसमतुल (45), बिकाऊ (25), आसिरा (45), हासिम (15), जमीला (40), फातिमा (35), कलीमुननिशा (40), मोहम्मद यूसुफ (5), शहनाज (5), शायरा बानो (50), उस्मान (50), रुखसार (13), साजरूल (35), हलीमा (50), शरीफुन (40), साफिया (25), आसमा (10), सुहेलखान (10), जैनब (45), सालम (12), अफसाना (12) व हासिरा (40) को संयुक्त जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।
जहां हासिम व कलीमुन निशा की हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार कर उन्हें लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया। बाकी जायरीन का इलाज चिकित्सालय में चल रहा है।
वहीं घटना के दौरान ट्रैक्टर ट्रॉली पर बैठे कुछ जायरीन सुरक्षित बच गए। जबकि कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद घर जाने की इजाजत चिकित्सालय से मिल गई।
घटना की जानकारी के बाद सीओ भिनगा डॉ. जंग बहादुर यादव कोतवाली पुलिस के साथ घटनास्थल व चिकित्सालय पहुंचे। वहीं मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।