14 मकान व आठ दुकानें जलकर राख
सीतापुर। जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आग लगने से 14 मकान और आठ दुकानें जलकर राख हो गईं। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। अग्निकांडों में करीब साढ़े 11 लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। वहीं, दो गांवों में आग लगने से करीब 24 बीघा गेहूं की फसल भी जलकर राख हो गई।
तंबौर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर अज्ञात कारणों से एक मकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास के 12 मकानों को चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। अग्निकांड में तीन बकरियां भी जिंदा जल गईं।
रेउसा थाना क्षेत्र के मारूबेहड़ चौराहे पर स्थित दुकानों में शनिवार देर रात डेढ़ बजे आग लग गई। दुकानों से लपटें उठती देख ग्रामीण आग बुझाने में जुट गए। फायर कंट्रोल रूम में सूचना दी गई। कुछ ही देर में दमकल दस्ता भी पहुंच गया।
जिसके बाद ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया जा सका। इस अग्निकांड में उस्मान, फिरोज, सिराजुद्दीन व जाबिर की बिसातखाना व रेडीमेड की दो-दो तथा मेराज की किराना और जौहर की नाई की दुकान समेत आठ दुकानें जलकर राख हो गई।
अग्निकांड में करीब पांच लाख की संपत्ति के नुकसान की बात दुकानदार बता रहे हैं। रविवार सुबह लेखपाल सत्येंद्र ने क्षति का आंकलन किया।
रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के नया पुरवा मजरा रायसेनपुर गांव में शनिवार देर रात कल्लूराम के घर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। लपटों ने कल्लूराम के पड़ोसी पिंटू का घर भी चपेट में ले लिया।
जब तक ग्रामीण आग पर काबू पाते तब तक कल्लूराम व पिंटू का पूरा घर जल गया। इससे कल्लूराम की करीब एक लाख तथा पिंटू की लगभग 50 हजार रुपये की संपत्ति जल गई। पीड़ित परिवार कटान प्रभावित हैं। बाढ़ के बाद अब आग के कहर ने इन्हें बर्बाद कर दिया।
तंबौर के ग्राम चांदी बेलवा निवासी कल्लू के घर में रविवार दोपहर तीन बजे अज्ञात कारण से आग लग गई। कोई कुछ समझ पाता इससे पहले आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। लपटों ने एक के बाद एक आसपास रहने वाले शिवप्रसाद, रमाकांत, बाबू, रामपाल, अवधेश, सविता, चंद्रभाल, संजय, राजू, नोखे व देशराज के मकान को भी चपेट में ले लिया।
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। इस अग्निकांड में चंद्रभाल दो तथा एक संजय की बकरी जिंदा जल गई। जबकि करीब पांच लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान की बात पीड़ित कह रहे हैं। वहीं, खैराबाद थानाक्षेत्र के परसेहरा गांव में रविवार शाम अज्ञात कारण से लगी आग में राधेश्याम, मौजीलाल तथा परमेश्वर की लगभग 20 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
वहीं, मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र के रौसिंग गांव निवासी बद्री प्रसाद पुत्र दुलारे के खेत के ऊपर से 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन निकली है। जर्जर तारों से निकली चिंगारी से रविवार को बद्री प्रसाद के खेत में आग लग गई। इससे चार बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।