बाइकों की टक्कर में एक की मौत, दो घायल
सीतापुर। सिधौली कोतवाली क्षेत्र में रविवार शाम दो बाइकों की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नरोत्तम नगर निवासी नीरज (18) की खेती संदना थाना क्षेत्र के ग्राम पुरैनी में है। रविवार को नीरज मोहल्ले के ही सुनील (30) के साथ खेत गया था। वहां फसल देखने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे।
रास्ते में सिधौली-मिश्रिख मार्ग पर बाड़ी मोड़ के पास सामने से आ रही एक अन्य बाइक से नीरज की बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में नीरज व सुनील समेत दूसरी बाइक पर सवार संदना थाना क्षेत्र के ग्राम इस्माइलगंज निवासी सुधीर (29) गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों ने घायलों को कस्बे की सीएचसी पहुंचाया। मगर नीरज ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने नीरज को मृत घोषित कर दिया। जबकि सुधीर की हालत नाजुक देख उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है।