पीड़ित ने दो के खिलाफ दर्ज कराया धोखाधड़ी का केस
सीतापुर। सचिवालय में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी का मामला प्रकाश में आया है। इस घटना में तालगांव कोतवाली क्षेत्र के एक पीड़ित ने शाहजहांपुर व पीलीभीत जिले की दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज कराई है। आरोप है कि ठगों ने सचिवालय में नौकरी दिलाने का लालच देकर उससे आठ लाख रुपये हड़प लिए।
तालगांव कोतवाली क्षेत्र के ईटारी निवासी मकरंद ने शाहजहांपुर जिले की रोजा थाना क्षेत्र के चंद्रकुआं डाडा निवासी नारायण सिंह और पीलीभीत के पूरनपुर क्षेत्र के सरिया निवासी प्रदीप कुमार के खिलाफ तालगांव कोतवाली में तहरीर दी है। इसमें आरोप लगाया है कि दो वर्ष पहले दोनों ने उसे सचिवालय में नौकरी दिलाने का झांसा दिया था।
इसके एवज में आठ लाख रुपये लिए थे। रुपए मिलने के बाद दोनों ठग लापता हो गए हैं। वे न तो रुपए दे रहे हैं और ना ही नौकरी दिला रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक योगेश शाह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना की जांच की जा रही है।