रुपईडीहा (बहराइच)। भारत-नेपाल सीमा पर गश्त के दौरान पुलिस ने एक नेपाली नागरिक समेत चार लोगों को सेंटबोआ सांप के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक तस्कर सांप को खाड़ी देश में बेचने के लिए ले जा रहे थे। बरामद सांप को जंगल में छोड़ दिया गया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी नानपारा सुरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि एसपी जुगुल किशोर के निर्देश पर रुपईडीहा थाने के प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार द्विवेदी की अगुवाई में उपनिरीक्षक दीनदयाल राय, पवन कुमार सिंह, उमानाथ पांडेय तथा शकील अहमद सीमा पर आने-जाने वाले नागरिकों की चेकिंग कर रहे थे। तभी कुछ लोग बोरे के साथ मिले। बोरा खोलकर तलाशी ली गई तो उसमें सेंटबोआ सांप मिला। इस पर सभी लोगों को हिरासत में ले लिया गया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान दरगाह थाना क्षेत्र के वजीरबाग निवासी भूरे खान, नानपारा के जगन्नाथपुर निवासी मुन्नालाल, विजय कुमार निवासी करमोहना वार्ड नंबर 23 मानपुर जिला बांके नेपाल तथा रुपईडीहा के हथियाबोझी गांव निवासी लोकनाथ के रूप में हुई। चारों के विरुद्ध वन्यजीवों की तस्करी का केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तस्कर सांप को खाड़ी देश में बेचने की फिराक में थे। तभी पकड़ लिया गया। बरामद सांप की कीमत करीब आठ लाख रुपये है।