क्षत्रिय समाज ने किया पद्मावती का विरोध
अंबेडकरनगर। फिल्म पद्मावती को लेकर विरोध का स्वर यहां भी क्षत्रिय समाज ने उठाना शुरू कर दिया। बुधवार को क्षत्रिय महासभा की बैठक हुई। इसमें क्षत्रिय समाज के गौरवशाली इतिहास के साथ फिल्मों के माध्यम से हो रहे छेड़छाड़ पर नाराजगी जाहिर की गई।
वक्ताओं ने कहा कि चित्तौड़गढ़ की महारानी पद्मिनी के आदर्श चरित्र के साथ कूट रचित ढंग से छेड़छाड़ करके फिल्म पदमावती का फिल्मांकन कराया जाना राजपूत समाज की मर्यादा के साथ मजाक है। राजपूत समाज इसके विरोध में अपनी अंतिम सांस तक लड़ता रहेगा। संरक्षक लालबिहारी सिंह, अध्यक्ष हवलदार सिंह, रामविभूति सिंह, केसरी सिंह, अशोक सिंह, महेंद्र सिंह व डॉ. संजय सिंह ने इस मामले में दोषी लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
उधर हिंदू जागरण मंच जिलाध्यक्ष प्रहलाद विश्वकर्मा की अगुवाई में फिल्म पद्मावती के रिलीज पर रोक लगाने के लिए डीएम अखिलेश सिंह को ज्ञापन सौंपा। कहा कि सेंसर बोर्ड के अलावा सरकार को भी ऐसे मुद्दों पर सख्त होना चाहिए कि फिल्म के माध्यम से किसी जाति, धर्म के गौरवशाली इतिहास के साथ छेड़छाड़ न की जाए। इस मौके पर दिनेश प्रताप सिंह, सीताराम सिंह, राकेश मद्धेशिया, बाबूराम, रणविजय सिंह, संदीप श्रीवास्तव, सुनील कुमार व सुरेंद्र प्रताप आदि मौजूद रहे।