मोहनलालगंज। किशोरी को प्रेमजाल में फंसाकर गांव के ही कपड़ा व्यापारी मोनिस खान ने अश्लील वीडियो बना ली। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी ने पीड़िता से 50 हजार रुपये वसूल लिए। जानकारी होने पर पीड़िता के पिता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार त्रिपाठी के अनुसार, अश्लील वीडियो बनाने के आरोपी ने किशोरी को ब्लैकमेल करते हुए उससे गुल्लक में रखे 50 हजार रुपये वसूल लिए। गुल्लक गायब होने पर पिता ने सख्ती से पूछताछ की तो मामले की जानकारी हुई।
किशोरी ने पिता को बताया कि आरोपी ने अलग-अलग नंबर से बातचीत करने के लिए किशोरी को तीन कीपैड मोबाइल फोन दिए थे। इंस्टाग्राम के जरिये भी आरोपी गाली-गलौज कर धमका रहा था। आरोपी से पूछताछ करने पर उसने गाली-गलौज कर धमकी दी। इंस्पेक्टर ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में पहले भी जा चुका है जेल
आरोपी मोनिस खान लगभग तीन वर्ष पूर्व भी 15 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में जेल जा चुका है। मई 2023 में इसी गांव के युवक ने आरोपी के विरुद्ध नाबालिग बहन को साथ ले जाने और कमरे में रखकर उसके साथ दुष्कर्म करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने किशोरी को खोजकर आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया था। वहां से उसे जेल भेज दिया गया था। इंस्पेक्टर के मुताबिक आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।