उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के अंतर्गत अगले पांच साल में 50 हजार युवाओं को प्रशिक्षित कर उन्हें रोजगार दिया जाएगा। इसके लिए मिशन ने 9 कंपनियों सहित पर्यटन विभाग के साथ समझौता किया है।
सोमवार को मुख्यमंत्री आवास पर एक कार्यक्रम में इन कंपनियों और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के बीच एमओयू के दस्तावेजों का आदान-प्रदान होगा। कौशल विकास मिशन में अभी तक कपड़ा निर्माता कंपनी रेमंड के साथ एमओयू साइन किया गया था। रेमंड द्वारा अलीगंज स्थित आईटीआई में अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण व रोजगार मुहैया कराया जा रहा है।
इसी क्रम में फ्यूचर कॉर्पोरेट रिसोर्स लिमिटेड, कैफे कॉफी डे, कार्वी, लक्ष्मी कॉट्स इन, जी4एस सिक्योरिटीज, टीएनएस, सुपर हाउस, जायकॉन इलेक्ट्रॉनिक्स सिक्योरिटी सिस्टम सहित 9 कंपनियों और पर्यटन विभाग को इस योजना से जोड़ा गया है।