बख्शी का तालाब। केबल में खराबी आने से बुधवार को 60 गांवों की 50 हजार से अधिक आबादी के सामने बिजली संकट पैदा हो गया। साढामऊ 220 केवी ट्रांसमिशन उपकेंद्र से कुम्हरावा उपकेन्द्र की 33 केवी केबल में खराबी आई थी। ग्रामीणों ने बिजली उपकेंद्र और अधिकारियों को फोन किए लेकिन कोई हल नहीं निकला।
बिजली न आने की वजह से इंदारा, खजुरी, रमपुरवा, वीरपुर, टिकरी, कुम्हरावा,चतुरपुर रमपुरवा, सरांवा, बरगदी, गुलालपुर,हेमी, उनई,दरियापुर,अल्दमपुर, परसहिया, शुक्लनपुरवा,महिंगवा, गोधना,मुसपरी, रेवामऊ,सुवंशीपुर,शिवराजपुर चकिया नरोसा सहित 60 गांव के लोग प्रभावित हुए।
पेड़ गिरने से बत्ती हुई गुल
नूरबाड़ी इलाके में बुधवार शाम को शहजन का पेड़ एलटी लाइन पर गिर गया जिससे बत्ती गुल हो गई। गनीमत रही कि एबीसी तार नहीं टूटे। हालांकि, यह बिजली संकट ज्यादा देर नहीं रहा। शाम सवा चार बजे गई बिजली पांच बजे तक चालू हो गई थी।
4 घंटे बंद रही बिजली
मलिहाबाद के रहीमाबाद उपकेंद्र से जुड़े 150 गांवों की बिजली फॉल्ट के कारण गुल हो गई। इससे रहीमाबाद, जिंदौर, गढ़ी, रामनगर दौलतपुर, भटपुरवा, बाकीनगर, लालूहर, कैथूलिया समेत कई गांवों में पानी तक की समस्या पैदा हो गई। पावर हाउस पर फोन करने पर पता चला कि बिजली कर्मी हड़ताल पर हैं। ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार सुबह 9 बजे गई बिजली चार घंटे बाद चालू हुई। जूनियर इंजीनियर पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि तेज हवा आए फॉल्ट से समस्या पैदा हुई।