लखनऊ। धनतेरस और दिवाली की खरीदारी के लिए बाजारों में खरीदारों का हुजूम लगा हुआ है। चारों तरफ तरह-तरह के सामानों की बिक्री हो रही है। इस बीच बर्तन विक्रेता अधिक से अधिक सामान बेचने के लिए ग्राहकों को पचास फीसदी तक की छूट का ऑफर दे रहे हैं।
शुक्रवार को अलीगंज के बर्तन विक्रेता आलोक यादव की दुकान पर भीड़ लगी थी। छोटे से लेकर बड़े बर्तन खरीदने के लिए ग्राहक मोलभाव करते दिखे। दुकानदार ग्राहकों को लुभावने ऑफर देकर अधिक से अधिक सामान की बिक्री करने में मशगूल रहे।
निशातगंज के मोहन प्रसाद ने बताया कि इस धनतेरस पर मात्र 100 रुपये में पांच बर्तन दे रहे हैं। अमीनाबाद में भी बर्तन से लेकर हर तरह के सामान खरीदने के लिए ग्राहकों का हूजुम लगा रहा। रागिनी सिंह ने बताया कि शरीर में आयरन की कमी पूरी करने के लिए जरूरी है कि लोहे के बर्तन में खाना पकाया जाए। बात करें स्वादिष्ट पकवान की तो लोहे की कढ़ाई इसके लिए बेहतर है।
छोटी कटोरी की मांग, फूल का बर्तन भी है कमाल
बर्तन विक्रेताओं ने बताया कि हर किसी की इच्छा होती है कि धनतेरस पर कोई न कोई बर्तन घर लेकर जाए। इसी उद्देश्य से छोटी कटोरी, गिलास, कप और थाली की मांग में उछाल आया है। हमारे यहां फूल के बर्तन भी हैं। इनका उपयोग कम जरूर है, लेकिन मांगलिक कार्य में उपयोग होने की वजह से ग्राहक इन्हें खरीदना पसंद करते हैं।
तीन किलो वजन तक की कढ़ाई, मात्र 1000 रुपये में
बाजारों में तरह-तरह के बर्तन की खरीदारी हो रही है। ग्राहकों के बजट के आधार पर बेहतर बर्तन भी दुकानों में है। दुकानदारों ने बताया कि एक से तीन किलो वजन की पारंपरिक गोल लोहे की कढ़ाई 1000 रुपये में है। वहीं, 18 इंच आयरन की कढ़ाई, इंडक्शन आयरन कढ़ाई की भी खूब मांग है।
निशातगंज में लगी बर्तन की दुकान।