मध्यम आय वर्ग के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण कुर्सी रोड पर नई ग्रुप हाउसिंग स्कीम लाने जा रहा है। यहां पंचशील योजना के नाम से ही आवास बनाए जाएंगे।
कुर्सी रोड पर सरगम अपार्टमेंट के पीछे प्राधिकरण की लगभग 22000 हजार वर्ग मीटर जमीन खाली है। इसमें करीब 450 फ्लैट बनाए जाने की उम्मीद की जा रही है।
इस स्कीम को लेकर प्राधिकरण के अधिकारियों की बैठक मंगलवार को आयोजित की जाएगी। जिसमें इस योजना को अंतिम रूप दिया जाएगा।
प्राधिकरण अभी तक 28 लाख रुपये से अधिक की कीमत की आवासीय स्कीम ही लाता रहा है। मगर अब कुछ कम दाम के फ्लैट बेचे जाएंगे। इसके लिए कुर्सी रोड पर जमीन देखी जा रही है।
यहां करीब 22 हजार वर्गमीटर जमीन खाली पड़ी है। जिसमें अपार्टमेंट बनाए जाने हैं। फ्लैट्स की कीमत 20 से 25 लाख रुपये के बीच होगी। इस बीच इन दिनों एलडीए की जितनी भी आवासीय योजनाएं आ रही हैं।
उनमें फ्लैट्स की कीमत 30 लाख रुपये से ज्यादा है। ऐसे में आशियाने की उम्मीद पाले मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए यह योजना काफी राहत देने वाली होगी।
जानकीपुरम और हरदोई रोड पर पंचशील योजना निरस्त करने के बाद अब कुर्सी रोड पर इस नाम से नई योजना लाने की तैयारी है। इसकी खास बात इसके सस्ते फ्लैट्स होंगे।
कुर्सी रोड के अलावा कानपुर रोड और जानकीपुरम विस्तार में भी जमीन देखी जा रही। लखनऊ विकास प्राधिकरण के मुख्य अभियंता ओपी मिश्र ने बताया कि, कुर्सी रोड पर पंचशील योजना की तैयारी है।
इसके लिए एक महीने के भीतर तस्वीर पूरी तरह से साफ हो जाएगी। हमने 22 हजार वर्गमीटर का प्लॉट तय कर लिया है। इसके अलावा दूसरी जगहों पर ऐसे सस्ते फ्लैट्स की योजना लांच करने के लिए प्लॉट देखे जा रहे हैं।