विदाई लेने से पहले बदरा राजधानी में जमकर बरस रहे हैं। बीते 24 घंटे में 45.4 मिमी. बारिश हुई। बृहस्पतिवार को लगातार बारिश के साथ चली हवा से पारे ने भी ऐसा गोता लगाया कि लोगों को सिहरन का एहसास होने लगा।
हालांकि, झमाझम बारिश में शहर में कई जगह जलभराव हो गया। घरों तक घुस चुके पानी को निकालने में लोगों को मशक्कत करनी पड़ी। उधर, भारी बारिश और खराब मौसम को देखते हुए डीएम कौशल राज शर्मा ने राजधानी के प्री-प्राइमरी से इंटर तक के सभी स्कूल शुक्रवार को बंद रखने का आदेश दिया है। यह राजकीय, सहायता प्राप्त समेत सभी बोर्डों के स्कूलों पर लागू होगा।
लबालब हो गईं सड़कें
दिनभर की बारिश से लोहिया पथ तक पर पानी भर गया। इसके अलावा आलमबाग, आशियाना, कृष्णानगर, राजाजीपुरम, डालीगंज, बुद्धा पार्क जैसे इलाकों में सड़कें लबालब हो गईं। आलमबाग के कुछ इलाकों में घरों में भी पानी घुस गया। उधर, गोमती का जलस्तर बढ़ने और लगातार बारिश सेे फैजुल्लागंज में घरों में पानी भर गया। ऐसे में लोग घरों में कैद होकर रह गए। उधर, मोहान रोड चौकी में बारिश का पानी भरने पर खुद पुलिसकर्मियों और चौकी इंचार्ज ने पानी निकाला। कई इलाकों में घरों में पानी घुसने की शिकायतें आईं हैं।