लखनऊ। जिले में बी-पैक्स के कुछ केंद्रों के न खुलने से किसानों को खाद की उपलब्धता में परेशानी न हो, इसके लिए सहकारिता विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था की है। जिले में 43 सहकारी संस्थाओं और अन्य केंद्रों के माध्यम से किसानों को उर्वरक उपलब्ध कराया जाएगा। किसान अपनी जरूरत के अनुसार इन केंद्रों से खाद प्राप्त कर सकेंगे।
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता की ओर से जारी सूची में सरोजनीनगर, बीकेटी, मोहनलालगंज, माल, मलिहाबाद, गोसाईंगंज, चिनहट और काकोरी विकास खंडों के केंद्र शामिल किए गए हैं। इनमें आईएफएफडीसी, बहुउद्देश्यीय सहकारी समितियों, पैक्सफेड, कृषकों और एग्री जंक्शन के बिक्री केंद्र शामिल हैं।
सरोजनीनगर में बिजनौर, गौरी बाजार, मुल्लाहीखेड़ा और मिर्जापुर लातौवा समेत कई स्थानों पर खाद मिलेगी। बीकेटी में इटौंजा, अमानीगंज, बसहा, करौंदी मानपुर और कठवारा के केंद्रों को शामिल किया गया है। वहीं, मोहनलालगंज में मंगतैया, कुंदनखेड़ा, रामगढ़ी, अमजदपुर और जौखंडी समेत कई केंद्रों पर वितरण की व्यवस्था की गई है।
इसी तरह माल और मलिहाबाद में गहदो, गौरैया, पारा, बक्खाखेड़ा और काकराबाद सहित विभिन्न केंद्रों पर खाद उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। गोसाईंगंज और काकोरी क्षेत्र के किसानों के लिए भी वैकल्पिक बिक्री केंद्र निर्धारित किए गए हैं।