रायबरेली। जिले के 42 हजार से अधिक राशन कार्डधारकों ने मुफ्त राशन से तौबा कर ली है। शिकंजा कसे जाने के बाद जुलाई माह में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम का राशन लेने वालों में कमी आई है। 5.60 लाख राशन कार्डधारकों में 5.18 लाख ने ही मुफ्त राशन लिया। इससे स्पष्ट है कि अपात्रों के पास राशन कार्ड तो हैं लेकिन वे अब मुफ्त राशन लेने से हिचकिचा रहे हैं।
अपात्रों को राशन कार्ड सरेंडर करने निर्देश दिए गए हैं। पूर्व में चलाए गए अभियान में साढ़े चार हजार अपात्रों ने कार्ड सरेंडर कर दिया था। अब फिर से अपात्रों को अपना कार्ड सरेंडर करने का आदेश दिया गया है। जिले में पात्र गृहस्थी व अंत्योदय के 5,60,769 राशन कार्डों में 5,18,068 कार्डधारकों ने ही कोटे की दुकानों पर पहुंचकर राशन लिया। 42101 कार्डधारक राशन लेने के लिए कोटे की दुकानों पर नहीं पहुंचे। पिछले महीने भी इन अपात्रों ने राशन नहीं लिया है।
जिला पूर्ति अधिकारी विमल कुमार शुक्ला ने बताया कि अपात्रों को राशन कार्ड सरेंडर करने के निर्देश दिए गए हैं। जुलाई माह में 5,60,769 राशन कार्डों में 5,18,068 कार्डधारकों ने राशन लिया। 42101 कार्डधारक राशन नहीं लिया। कार्ड सरेंडर न करने पर जांच के दौरान अपात्रों के राशन कार्ड काटे जाएंगे।