बुलंदशहर की घटना पर देश के 83 पूर्व नौकरशाहों की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से त्यागपत्र मांगने वाली चिट्ठी के जवाब में बुलंदशहर के ही अनूपशहर से भाजपा विधायक संजय शर्मा ने खुला पत्र लिखकर कई सवाल उठाए हैं। उन्होंने इन अधिकारियों को चुनाव लड़ने की चुनौती दी है। शर्मा ने इन पूर्व नौकरशाहों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए लिखा है, ‘ आपका पत्र देखकर ऐसा लगा कि आपका कृत्य राजनीति से प्रेरित है। आपकी राष्ट्रभक्ति पर बिल्कुल संदेह नहीं है।
आपकी चिंता वाजिब हो सकती है। पर, इस पत्र को लिखने से पहले यदि आप सबने घटनास्थल का दौरा करके वस्तुस्थिति व परिस्थितियों की सही जानकारी ले ली होती तो मुझे और प्रदेश के नागरिकों को आपकी चिंता को लेकर बिल्कुल शंका न होती। आपको इस बात का भी एहसास होना चाहिए कि जिन्होंने गोकशी की उन्होंने सही मायने में अपराध किया है।’ इस घटना पर बोलने से पहले आपको बताना चाहिए कि मथुरा में पुलिस अधिकारी की शहादत पर चुप्पी क्यों रही थी।