बाराबंकी। केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित समर कप क्रिकेट टूर्नामेंट में मंगलवार को दो सेमीफाइनल मैच खेले गए। जिसमें मास्टर्स क्लब ने बाराबंकी इंडियंस को दो रन से और दूसरे मैच में बाराबंकी सुपर स्टार्स ने नाइट क्लब को आठ विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली। दोनों टीमों के बीच बुधवार को फाइनल मैच खेला जाएगा।
टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल मैच में टॉस जीतकर मास्टर्स क्लब की टीम बैटिंग करने उतरी। टीम की ओर से अविनाश यादव के 63 रन व ओम ठाकुर के 23 रनों की मदद से 17 ओवर में 111 रनों का स्कोर खड़ा किया गया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बाराबंकी इंडियंस की ओर से निखिल ने 29 रन, सामर्थ ने 16 व नितीश ने 13 रनों का योगदान दिया। टीम 20 ओवर में 10 विकेट पर 109 रन ही बना सकी और हार का सामना करना पड़ा। दूसरे मैच में टॉस हार कर बैटिंग करने उतरी नाइट क्लब की ओर से मुबस्सिर इस्लाम ने 11 रन बनाए और पूरी टीम मात्र आठ ओवर खेल कर 32 रन पर ही ढेर हो गई। जवाब में उतरी सुपर स्टार्स की ओर से आयुष पांडेय के 12 रन, शाद के 18 रनों की बदौलत टीम ने आठवें ओवर में ही आसानी से मैच जीत लिया। पहले मैच में अविनाश व दूसरे मैच में शाद को बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। इस मौके पर क्रिकेट प्रशिक्षक सरवर नवाब, रणवीर सिंह, अमरीश त्रिपाठी, जाकिर हुसैन, देवेंद्र देव सिंह, सर्वेश शुक्ला, कृतज्ञ, अनुराग श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।