बलरामपुर। नगर के खलवा मोहल्ले में मंदिर व विद्यालय के बगल देशी शराब की दुकान खोले जाने से नाराज लोगों ने जमकर हंगामा किया। नारेबाजी करते हुए सभी ने शराब की दुकान को आबादी से दूर खोले जाने की मांग की। मोहल्लेवासियों ने ठेकेदार को खदेड़ दिया। सभी दुकान को बंद कराने पर अड़े रहे।
मोहल्लावासी शांती देवी, राजा अंजुम, पिंटू गुप्ता, सुंदरपती, सोना, शकुुंतला, जुबेदा, आयशा खातून, विमला, मंजू गुप्ता, आशमा, लक्ष्मी, मीरा, कांती, दुलारी, मिथलेश, सीबी गुप्ता व महेश शुक्ला आदि ने कहा कि सरकारी शराब की दुकान मंदिर व विद्यालय के निकट नहीं खोली जा सकती है। शराब व्यवसायी द्वारा शासनादेश का उल्लंघन करते हुए आबादी क्षेत्र में मंदिर व विद्यालय के बगल में ही दुकान खोली जा रही है। इससे जहां विद्यार्थियों एवं श्रद्धालुओं को असुविधा होगी वहीं स्थानीय महिलाओं को भी शराबियों की छीटाकशी का शिकार होना पड़ेगा। लोगों डीएम व एसपी को मांगपत्र देकर आबादी क्षेत्र में शराब की दुकान खोले जाने पर रोक लगाए जाने की मांग की गई है। इस दौरान लोगों ने ठेकेदार को दुकान से खदेड़ दिया और चेतावनी दी है कि यदि दुकान यहां से हटाया नहीं गया तो आंदोलन किया जाएगा।