हैदरगंज (फैजाबाद)। चौरे बाजार से बाइक से शुक्रवार देर शाम घर जा रहे हैदरगंज थाना क्षेत्र के सरसावा गांव निवासी भोला तिवारी (55) को चौरे बाजार-हैदरगंज मार्ग पर रास्ते में हैदरगंज थाना क्षेत्र के घुसकाई नाथ देव स्थल के समीप घात लगाकर बैठे कुछ लोगों ने हॉकी और डंडे से हमला करके गंभीर रूप से घायल कर 20 हजार रुपये लूट लिए। घटना की शिकायत पीड़ित के भाई ने पुलिस से की है। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़ित के भाई रविशंकर तिवारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके भाई भोला तिवारी हैदरगंज व चौरे बाजार में भांग की दुकान के सुपरवाइजर हैं। हैदरगंज के रहने वाले विजय मौर्या, रामदीन, रघुनाथ आदि सगे भाई उनके भाई से गुंडा टैक्स की मांग कर रहे थे। शुक्रवार की शाम वह ठेके की दुकान से एकत्र की गई 20 हजार रुपये लेकर अपने परिचित उमाशंकर मिश्र के साथ गांव आ रहें थे, तभी बाबा घुरकाई नाथ विद्यालय के पास बैठे आरोपियों ने उनके भाई पर हमला कर मारपीट कर घायल कर दिया और उनसे 20 हजार रुपये लूट लिए। पुलिस घायल को सीएचसी ले गई, लेकिन हालत गंभीर होने से चिकित्सक आरसी दुबे ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हैदरगंज थाना प्रभारी रामचंद्र सरोज ने बताया कि घायल के भाई की तहरीर पर पर तीन लोगों के खिलाफ केस दर्जकर आरोपियों की तलाश की जा रही है।