बाराबंकी। शराब दुकान सेल्समैन ने ही अपने साथी के साथ मिलकर लूट की वारदात की साजिश रची थी। पुलिस ने वारदात का खुलासा करते हुए सेल्समैन व उसके साथी को गिरफ्तार कर लूटी गई 94 हजार रुपये की नकदी बरामद की। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने उन्हें रविवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
एसपी अनिल कुमार सिंह ने रविवार को पुलिस लाइन में वार्ता में बताया कि बदोसरायं कोतवाली क्षेत्र में 26 दिसंबर को शराब दुकान सेल्समैन से लूट के मामले में सेल्समैन लवकुश निवासी मलिनपुर चौराहा थाना दरियाबाद ही मुख्य आरोपी निकला है। एसपी ने कहा कि आरोपी ने अपने साथी धीरेंद्र जायसवाल निवासी सुबेदारगंज थाना धुमनगंज इलाहाबाद के साथ मिलकर वारदात की साजिश रची थी। पूछताछ में बताया कि लवकुश के ऊपर काफी कर्ज हो गया था, जिसको चुकाने के लिए उसने अपने साथी के साथ मिलकर लूट की फर्जी योजना बनाई और फिर पैसों का गबन कर लिया।