बाराबंकी। गरीब परिवार की बेटियों के हाथ भी अब आसानी से पीले हो सकेंगे। इस वित्तीय वर्ष में ऐसी गरीब बेटियों की नि:शुल्क शादी कराने के लिए प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का शुभारंभ कर दिया है। इन बेटियों की शादी कराने के लिए समाज कल्याण विभाग को भारी भरकम बजट भी प्राप्त हो गया है। बजट मिलने के बाद निर्धारित गाइड लाइन के अनुसार ऐसे गरीब परिवार की बेटियों की शादी कराने के लिए विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में किसी भी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक वर्ग एवं सामान्य वर्ग के गरीबों की पुत्रियों की शादी करोने के लिए समाज कल्याण विभाग को एक करोड़ 66 लाख रुपये का बजट मुहैया कराया है। इस बजट से 474 जोड़ों की शादियां कराई जाएगी। शासन के निर्देश पर विभाग ने इस लक्ष्य को नगरीय निकायों, क्षेत्र पंचायत व जिला पंचायत स्तर पर बांटा है। शहरी क्षेत्र के गरीब परिवार की बेटियों की शादी के लिए जहां नगर पंचायत व नगर पालिका में आवेदन भरकर जमा करना होगा। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों के लिए जिला पंचायत व क्षेत्र पंचायत स्तर पर आवेदन देना होगा।
प्रति जोड़े पर खर्च होंगे 35 हजार रुपये
शासन द्वारा निर्धारित गाइड लाइन के अनुसार हर जोड़े पर 35 हजार रुपये खर्च होंगे। जिसमें 20 हजार रुपये कन्या के दांपत्य जीवन में खुशहाली एवं गृहस्थी के लिए उसके खाते में भेजे जाएंगे। जबकि दस हजार रुपये विवाह संस्कार में लगने वाली सामग्री पर खर्च होेंगे। वहीं पांच हजार रुपये ग्रामीण व शहरी स्तर पर गठित विवाह समिति को दिए जाएंगे।
कम से कम दस जोड़ों पर ही होगा कार्यक्रम
गाइड लाइन के अनुसार कम से कम दस जोड़ों पर ही सामूहिक शादी कार्यक्रम का आयोजन किया जा सकेगा। नगर निकायों, क्षेत्र पंचायतों व जिला पंचायत स्तर पर अगर दस जोड़े तैयार मिलते हैं तो उसी स्तर पर ही शादियां रीति रिवाज से कराई जाएगी। जिसकी बाकायदा फोटोग्राफ के साथ फाइल भी तैयार की जाएगी। इस संबंध में संबंधितों को निर्देशित कर दिया गया है।
गरीब बेटियों की शादी के लिए मुख्यमंत्री सामूहिक शादी योजना के तहत नगर निकायों, जिला पंचायत क्षेत्र पंचायत स्तर पर आवेदन जमा करने के साथ लक्ष्य भी दिया गया है। जितना बजट मिला है, उसके अनुसार 474 शादियां कराई जाएंगी। डीएम के आदेश पर संबंधितों को निर्देशित किया गया है।
- शिल्पी सिंह, प्रभारी जिला समाज कल्याण अधिकारी