सीतापुर। वाहनों का ट्रांसफर कराने से लेकर फिटनेस तक के लिए लोगों को एआरटीओ दफ्तर के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। अब घर बैठकर ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे। ऑनलाइन ही फीस भी जमा होगी। इतना ही नहीं वाहन की फिटनेस प्रदेश के किसी भी जिले से करा सकेंगे। इसके लिए एनओसी भी नहीं लेनी होगी। हालांकि महज औपचारिकता के लिए एआरटीओ कार्यालय जाना होगा। ये सारी सुविधाएं इसी माह के अंत तक शुरू हो जाएंगी। इसके लिए एआरटीओ दफ्तर को वाहन-4 सॉफ्टवेयर से जोड़ा जाएगा। जल्द ही ये काम शुरू हो जाएगा।
सूबे के परिवहन विभाग में डीएल समेत सभी तरह के कागजात को ऑनलाइन करने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। इसमें काफी काम किया जा चुका है। ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया पहले ही ऑनलाइन की जा चुकी है। टेस्ट देने ही एआरटीओ जाना होता है। लेकिन डीएल के नवीनीकरण को लेकर काफी समस्या होती है। ड्राइविंग लाइसेंस जिस जिले से बना हुआ होता है, उसी जिले के एआरटीओ दफ्तर में जाने पर नवीनीकरण किया जाता है। अगर किसी दूसरे जिले से नवीनीकरण कराना होता है, तो फिर संबंधित जिले से एनओसी लेनी होती है। दो जिलों की भागदौड़ में काफी समय लगता है और पैसे भी ज्यादा खर्च होते हैं। इन्हीं समस्याओं को दूर करने के लिए वाहन-4 सॉफ्टवेयर लांच किया जा रहा है। यह योजना वृहद स्तर पर सूबे के अलावा पूरे देश में लागू हो रही है। एक जगह पंजीकरण होने के बाद उसकी डिटेल सभी जगह मौजूद होगी। प्रदेश के किसी भी जिले में नवीनीकरण करा सकेंगे। एनओसी का झंझट भी नहीं रहेगा। इससे दलालों का चक्कर भी काफी हद तक कम हो जाएगा। वहीं नया वाहन खरीदते समय भी एजेंसी के चक्कर नहीं लगाने होंगे। एजेंसी पर पंजीकरण का शुल्क जमा करते ही मोबाइल पर एसएमएस आ जाएगा। वाहन-4 सॉफ्टवेयर से जुड़ने के बाद एआरटीओ दफ्तर में होने वाले सभी काम ऑनलाइन होंगे। दिसंबर के अंत तक एआरटीओ दफ्तर में वाहन-4 सॉफ्टवेयर से काम शुरू कर दिया जाएगा। इसकी कवायद तेज कर दी गई है।
बाक्स
17 दिसंबर तक करा लें कार्यों का निस्तारण
एआरटीओ दफ्तर में 18 दिसंबर से वाहन-4 सॉफ्टवेयर से कार्य प्रारंभ किया जाना है। इसके लिए 18 से 23 दिसंबर तक एआरटीओ का कार्य पूर्णतय: बाधित रहेगा। जिसने भी वाहन का स्वामित्व, अंतरण, एचपीए अंकित व निरस्त, पुन: पंजीयन शुल्क, फिटनेस शुल्क आदि जमा किया है, तो उस कार्य का निस्तारण 17 दिसंबर तक हर हाल में करा लें। इसके बाद पुराने सॉफ्टवेयर पर जमा शुल्क वाहन-4 सॉफ्टवेयर में स्वीकार नहीं हो पाएंगे। लिहाजा, 17 तक कार्य निस्तारण न कराने पर पुन: शुल्क जमा करना पड़ेगा।
- अनीता सिंह, एआरटीओ प्रशासन