लखनऊ। राजधानी के 63 केंद्रों पर रविवार को संघ लोक सेवा आयोग की ओर से एनडीए, सीडीएस की परीक्षा करवाई गई। एनडीए की परीक्षा से 26 और सीडीएस के एग्जाम से 41 फीसदी अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। सीडीएस प्रथम के लिए 21 और एनडीए और एनए-प्रथम के 42 केंद्र बनाए गए थे। एनडीए की परीक्षा दो व सीडीएस की परीक्षा तीन पालियों में हुई।
परीक्षा पर नजर रखने के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट और हर केंद्र पर पर्यवेक्षक तैनात रहे। सीडीएस परीक्षा की पहली पाली में 5500, दूसरी में 5504 और तीसरी में 2637 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। एनडीए और एनए-प्रथम परीक्षा की पहली पाली में 14611 और दूसरी में 14511 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। सीडीएस में 23,168 में से 9527 और एनडीए में 39,550 में से 10,428 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
गणित, अंग्रेजी ने किया परेशान
कानपुर से एनडीए की परीक्षा देने आए सुधांशु ने बताया कि अंग्रेजी के सवाल काफी कठिन और घुमावदार थे। इन्हें समझने में काफी समय लगा। सीडीएस की परीक्षा देने वाले सूरज कुमार ने बताया कि पहली पाली में जिसने अच्छे से तैयारी की होगी, वही पेपर हल कर पाया होगा। गणित के सवाल कठिन थे। सीडीएस की परीक्षा देने वाले लव राजपूत ने बताया कि इस बार गणित के सवाल पिछले साल की अपेक्षा में सरल थे। पूरा पेपर हल करने की कोशिश की है। शाश्वत शुक्ला ने बताया कि एलजेब्रा व कैलकुलस के सवाल कठिन थे। सामान्य ज्ञान के सवाल घुमावदार थे। विकल्प में मिलते-जुलते जवाब थे। परीक्षा में गणित और अंग्रेजी के सवालों ने परेशान किया। जीएस के घुमावदार सवाल हल करने में भी काफी समय लगा। निगेटिव मार्केंग के चलते अभ्यर्थियों ने कई सवाल छोड़ भी दिए।