नए साल में पहले दिन हल्की धूप होने से थोड़ा राहत जरूर मिली लेकिन बर्फीली हवाओं से ठंड का कहर जारी रहा। प्रदेश में बुधवार को ठंड से 40 लोगों की और मौत हो गई। वहीं रात की सर्द हवाओं से मुजफ्फरनगर में पारा जमाव बिंदु के नजदीक 0.9 व सहारनपुर में 1.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं कानपुर देहात, उन्नाव व औरैया में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री के आसपास रहा।
प्रदेश में ठंड के चलते कानपुर में 18, महोबा में 5, झांसी में 3, मुजफ्फरनगर, अमरोहा व कन्नौज में 2-2, आगरा, रामपुरा, मुरादाबाद, बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, इटावा, संभल व कानपुर देहात में 1-1 लोगों की जान गई है।
साल के पहले दिन बुंदेलखंड व सेंट्रल यूपी के कुछ जिलों में दिन में धूप निकलने से राहत रही, हालांकि शाम को गलन बढ़ गई। वैसे ज्यादातर जिलों में ठंड का तेवर कल जैसा ही रहा। चित्रकूट व हमीरपुर में बूंदाबांदी से मौसम की बेरहमी बढ़ गई। कड़ाके की ठंड से समूचा जनजीवन प्रभावित रहा। ठंड लगने से 30 लोगों की जान चली गई।
कानपुर में सबसे ज्यादा 18 लोगों की मौत हुई है। वहीं कोहरे के कारण बुधवार को अप एवं डाउन गोमती एक्सप्रेस रद्द रही। मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष के अनुसार पहाड़ों पर नया पश्चिमी विक्षोभ के बनने से फिर से वेस्ट यूपी और एनसीआर में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। अभी दो दिन तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। सर्दी का असर अभी कम नहीं होगा।