यूपी में शुक्रवार को 3946 कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इस तरह प्रदेश में अब तक 407047 कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आ चुके हैं। इनमें से कुल 351966 लोग स्वस्थ होकर डिस्चार्ज किए गए हैं। इस समय प्रदेश में कुल एक्टिव केस 49112 है। लगभग पांच सप्ताह के बाद एक्टिव केस 50 हजार से नीचे हुआ है।
अपर मुख्य सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि प्रदेश में 25 अगस्त को एक्टिव मरीजों का आंकड़ा 50 हजार के नीचे था। इसके बाद लगातार मरीजों की संख्या बढ़ती गई। 17 सितंबर को एक्टिव मरीजों की संख्या अधिकतम 68235 तक पहुंची थी। पांच सप्ताह के बाद एक्टिव केस की संख्या 50 हजार के नीचे आई है। अब तक प्रदेश में 5917 मरीजों की अब तक मौत हुई है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब मरीजों के ठीक होने की दर बढक़र 86.47 प्रतिशत हो गई है। बृहस्पतिवार को 162212 नमूनों की जांच की गई। इनमें से पांच-पांच नमूनों के 3515 पूल बनाकर जांच की गई। इनमें से 377 पूल पॉजिटिव मिले। इसके अलावा दस-दस नमूनों के 491 पूल बनाए गए। इनमें से 44 पॉजिटिव आए हैं। वर्तमान में प्रदेश में 49112 एक्टिव मरीजों में से 22987 होम आइसोलेशन में हैं।