कपड़े उतारकर नाचने का आदेश देते थे सीनियर्स
केजीएमयू प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया जांच में सामने आया कि फोन और वीडियो कॉल के जरिये जूनियर छात्रों को एक कमरे में एकत्र होने के लिए कहा जाता था। इसके बाद सीनियर छात्र उनसे अभद्र भाषा में बात करते, एक-दूसरे को गाली देने और कपड़े उतारकर नाचने का आदेश देते। इस पर उन्हें नाचना पड़ता था। उन्हें मानसिक रूप से तंग किया जा रहा था।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान सामने आए दो वीडियो में इन हरकतों के सबूत मिले हैं। सामने आया कि 2025 बैच के दो जूनियर छात्र रैगिंग में सीनियर छात्रों की मदद कर रहे थे। एंटी रैगिंग कमेटी ने दोषी पाए गए सभी 38 छात्रों को तीन महीने के लिए क्लास और हॉस्टल से निलंबित करने का फैसला लिया है। इसके अलावा हर छात्र पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। एक साल तक सरकारी स्कॉलरशिप के लिए भी इन छात्रों के नाम की सिफारिश नहीं की जाएगी।