श्रावस्ती। पोलियो उन्मूलन अभियान के तहत स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिला रहे हैं। बुधवार को अभियान का सच जानने के लिए सीएमओ डॉ. एपी सिंह ने हरिहरपुररानी विकास क्षेत्र के ग्राम गोठवा का निरीक्षण किया। इस दौरान वहां स्वास्थ्य कार्यकर्ता मंजू देवी के नेतृत्व में पोलियो की खुराक पिलाई जा रही थी। एक घर पर बच्चों के न होने से उन्हें दवा नहीं पिलाई जा सकी थी। बाद में बच्चों के पहुंचने पर सीएमओ ने स्वयं अपने हाथ से बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाई। साथ ही उन्होंने कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिया। सीएमओ ने बताया कि पोलियो अभियान के तहत घर-घर दवा पिलाने के लिए 371 टीमें लगाई गईं हैं। वहीं 108 सुपरवाइजरों को टीम की निगरानी करने की जिम्मेदारी दी गई है। (संवाद)
आयोजित हुई बैठक
श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार सीडीओ अनुभव सिंह की अध्यक्षता में अप्रेंटिसशिप योजना की बैठक आयोजित हुई। इस दौरान सीडीओ ने आईटीआई उत्तीर्ण परीक्षार्थियों को एक वर्षीय अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण दिलाने का निर्देश दिया। बैठक में राजकीय आईटीआई भिनगा के प्रधानाचार्य एनपी प्रजापति ने अप्रेंटिसशिप योजना की जानकारी दी। साथ ही ईओ भिनगा डॉ. अनीता शुक्ला ने प्रशिक्षण के दौरान मानदेय की उपलब्धता व मांग पत्र पर चर्चा की। इस मौके पर सीएमओ डाॅ. एपी सिंह, एलडीएम सुभाष मित्रा, सहायक आयुक्त उद्योग सर्वेश दीक्षित सहित अन्य मौजूद रहे। (संवाद)