अलीगंज स्थित राजकीय आईटीआई परिसर में आयोजित कैंपस ड्राइव में शामिल अभ्यर्थी। स्रोत ः संस्थान
लखनऊ। अलीगंज स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में शुक्रवार को आयोजित कैंपस ड्राइव में 361 आईटीआई पास युवाओं को रोजगार मिला। कैंपस ड्राइव में चयनित अभ्यर्थियों को देश की प्रतिष्ठित मारुति सुजुकी कंपनी के गुजरात प्लांट की ओर से मौके पर ही जॉब ऑफर दिया गया। पहली बार साक्षात्कार देने वाले कई युवाओं ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि शुरुआती प्रयास में ही नौकरी मिल जाएगी। उन्होंने इस अवसर को अपने कॅरिअर की बड़ी शुरुआत बताया।
आईटीआई के प्रधानाचार्य राजकुमार यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री मिशन रोजगार योजना के तहत कैंपस ड्राइव आयोजित किया गया। उन्होंने कंपनी प्रतिनिधियों से अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार देने का आग्रह किया।
प्लेसमेंट अधिकारी एमए खान ने बताया कि कुल 441 प्रशिक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से साक्षात्कार के आधार पर 361 युवाओं का चयन किया गया। चयनित युवाओं को 25,300 रुपये प्रतिमाह वेतन, यूनिफॉर्म और दोपहर का भोजन प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जो अभ्यर्थी इस बार चयनित नहीं हो सके, वे 19 नवंबर को आईटीआई अलीगंज परिसर में होने वाले अगले कैंपस ड्राइव में भाग ले सकते हैं। रोजगार मेले को सफल बनाने में अनुदेशक मकबूल कादिर और क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के कर्मचारियों का सहयोग रहा।